Loading time...
Logo of Raj Bhavan, Uttar Pradesh
Raj Bhavan Uttar Pradesh

Phone : 0522-2236497

Email : hgovup@gov.in

'

पत्र सूचना शाखा

सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उ०प्र०

(राज्यपाल सूचना परिसर)

राज्यपाल से मोंटाना (अमेरिका) से सांस्कृतिक एवं शैक्षिक विनिमय हेतु भारत आए छात्र प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट

लखनऊ : 08 जुलाई, 2025

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी से आज राजभवन, लखनऊ में अमेरिका के मोंटाना राज्य से आए छात्र प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। यह प्रतिनिधिमंडल ‘मोंटाना वर्ल्ड अफेयर्स काउंसिल’ और ‘काउंसलेट जनरल ऑफ इंडिया, सिएटल’ के संयुक्त तत्वावधान में सांस्कृतिक एवं शैक्षिक विनिमय हेतु भारत यात्रा पर आया है। इसमें छह हाई स्कूल छात्र और तीन शिक्षक (प्रोफेसर) शामिल हैं, जिन्होंने मोंटाना स्टेट यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी ऑफ मोंटाना, मिसौला में आयोजित कोनफ्लुएंस्ट-2025 और अकादमिक वर्ल्डफेयर-2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था।

राज्यपाल जी से हुई संवादात्मक चर्चा में प्रतिनिधिमंडल ने भारत की सशक्त और समृद्ध शिक्षा व्यवस्था की विशेष सराहना की। उन्होंने भारत में महिलाओं के सतत विकास और सशक्तिकरण को अत्यंत प्रेरणादायक बताया।

राज्यपाल जी ने कहा कि भारत सरकार की योजनाओं से महिलाएं तेजी से शिक्षित, आत्मनिर्भर और जागरूक हो रही हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोहों में प्रायः सर्वाधिक पदक प्राप्त करने वालों में छात्राओं की संख्या अधिक होती है।

राज्यपाल जी ने प्रतिनिधिमंडल को भारत की प्राचीन लिपियों और हस्तलिखित ग्रंथों की परंपरा से भी अवगत कराया। उन्होंने मगध विश्वविद्यालय की खनकहरि में प्राप्त लिपियों के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि भारत में प्राचीन काल से ही संगठित नगर निर्माण और शिक्षा की समृद्ध परंपरा रही है। उन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ज्ञान का वैश्विक केंद्र था, जहाँ देश-विदेश से हजारों छात्र अध्ययन हेतु आते थे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नालंदा विश्वविद्यालय के पुनरुद्धार को लेकर किए गए प्रयासों को उन्होंने वैश्विक सांस्कृतिक पुनरुत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

राज्यपाल जी ने कहा कि भारत में महिलाएं आज कृषि, पशुपालन, पुलिस सेवा, प्रशासन, राजनीति, शिक्षा, चिकित्सा और विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की उपस्थिति स्पष्ट नेतृत्व का परिचायक बन चुकी है। उन्होंने बताया कि भारत में महिलाएं पुरुषों के बराबर वेतन प्राप्त करती हैं और संयुक्त परिवार की सामाजिक संरचना उन्हें सहयोग प्रदान करती है।

राज्यपाल जी ने महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु विश्वविद्यालयों में आयोजित गतिविधियों, संवादों और उनकी आगामी संभावनाओं की भी जानकारी प्रतिनिधिमंडल के साथ साझा की।

संपर्क सूत्र:

डॉ० संगीता चौधरी

सूचना अधिकारी

मोबाइल: 9161668080

'